मार्ग परिवर्तित कर हुआ तीन ट्रेनों का संचालन
गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयाग रूट के यात्रियों के लिए बृहस्पतिवार का दिन परेशानी भरा रहा। ट्रैक पर संचालित एक जोड़ी पैसेंजर ट्रेन निरस्त करने के साथ ही तीन ट्रेनों को रूट डायवर्ट कर चलाया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
ट्रैक दोहरीकरण, विद्युतीकरण व स्पीड बढ़ाने के लिए किया जा रहा ट्रैक मरम्मत का कार्य यात्रियों की परेशानी का सबब बना है। अप/डाउन लखनऊ-प्रयाग पैसेंजर व बरेली-प्रयाग पैसेंजर के साथ सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को अप हरिद्वार तथा मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को डाउन हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयाग ट्रैक पर होता है।
दो पैसेंजर ट्रेनें जहां सभी स्टेशनों पर वहीं हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव प्रमुख स्टेशनों पर होता है। ट्रैक पर संचालित तीनों ट्रेनों को विभाग अक्सर निरस्त कर देता है या फिर इन्हें मार्ग परिवर्तित कर संचालित करता है।
बृहस्पतिवार को भी विभाग ने ट्रैक मरम्मत कार्य पूरा कराने के लिए लखनऊ-प्रयाग अप/डाउन पीआरएल पैसेंजर का संचालन निरस्त कर दिया तो अप/डाउन बरेली-प्रयाग पैसेंजर तथा डाउन हरिद्वार एक्सप्रेस को वाया ऊंचाहार-रायबरेली संचालित किया।
विभाग का आदेश सार्वजनिक होने के बाद यात्रियों को अपना टिकट निरस्त करवाने के साथ गंतव्य जाने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। स्टेशन मास्टर नितिन गोयल ने पीआरएल निरस्त होने के साथ ही तीन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित होने की पुष्टि की।