सी. इंदुमति ने देर रात संभाला जिलाधिकारी का कार्यभार
सुल्तानपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा 2012 बैच की अधिकारी सी इंदुमति ने मंगलवार की देर रात जिलाधिकारी पद का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कुछ प्रमुख अधिकारियों से भेंट की।
महिला कल्याण विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत आईएएस अधिकारी सी इंदुमति का तबादला पिछले सप्ताह शासन ने जिले के जिलाधिकारी के पद पर किया था। वे तमिलनाडु प्रदेश की मूल निवासी हैं।
तबादले के बाद मंगलवार की रात करीब साढ़े 10 बजे जिले में पहुंची नई जिलाधिकारी सी इंदुमति ने कोषागार पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। कोषागार के बाद कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय पहुंचकर उन्होंने प्रमुख अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
बतौर जिलाधिकारी सी इंदुमति का यह पहला जिला है। आईएएस अधिकारी के तौर पर सात साल की सेवा के दौरान वे विभिन्न पदों पर रहीं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद वे बुधवार को शासन में जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों के साथ मुख्यमंत्री की आयोजित बैठक को देखते हुए लखनऊ के लिए वापस हो गईं।
पहले उनका बुधवार को कार्यभार ग्रहण करने का कार्यक्रम बताया जा रहा था। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुल्गी, एडीएम प्रशासन हर्षदेव पांडेय, एडीएम वित्त उमाकांत त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी वरुण खरे समेत अन्य मौजूद रहे।