मकान में घुसकर तीन लाख की चोरी
गौरीगंज। स्थानीय थाने के बस्तीदेई गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। मकान के पीछे का दरवाजा तोड़ घुसे चोर 55 हजार की नगदी समेत करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने व चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
सुबह जानकारी होने के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाग से टूटे हुए खाली बक्से बरामद करते हुए पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरीगंज थाने के बस्तीदेई गांव निवासी अतुल कुमार तिवारी उर्फ सोनू के मकान को चोरों ने मंगलवार रात निशाना बनाया। मकान के पीछे लगे दरवाजे को तोड़ कर अंदर घुसे चोरों ने 55 हजार रुपये की नगदी समेत करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने व चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।
बुधवार सुबह सामान बिखरा देख अतुल जब कमरों में गए तो बक्से गायब मिले। अतुल ने मामले की सूचना ग्रामीणों व परिवारीजनों के साथ पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव के बाहर स्थित बाग में टूटे हुए खाली बक्से बरामद किए।
पुलिस ने अतुल तिवारी की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने केस दर्ज करने की पुष्टि करते हुए बताया कि शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।