सड़क हादसे में महिला की मौत, भाई और दो बच्चे घायल
सुल्तानपुर। कोतवाली क्षेत्र के गौरा बीबीपुर गांव के पास हुए सड़क हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
जौनपुर के खुटहन थाने के मलिकपुर गांव निवासी विनय कुमार सिंह बुुधवार को अपनी बहन रोली एवं उसके दो बच्चों को बाइक से लेकर सूरापुर की तरफ से कादीपुर की ओर आ रहे थे।
वे कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के गौरा बीबीपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक पर सवार रोली सिंह (30), उनकी पुत्री गुनगुन (6 ), पुत्र तेजस (7) व बाइक चला रहे भाई विनय कुमार सिंह ( 21) गिरकर घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने रोली की नाजुक हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
परिवारीजन रोली को जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था।