वार्डों में गंदगी मिली तो नपेंगे जिम्मेदार
गौरीगंज। शहरी क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए शासन के निर्देश पर रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने निकाय क्षेत्रों के चौराहों का सौंदर्यीकरण समेत अन्य सुविधाओं का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश जिम्मेदारों को दिया है।
डीएम ने निकाय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट को एलईडी में परिवर्तित करते हुए सभी वार्डों की नियमित सफाई करने का निर्देश दिया है। डीएम ने वार्डों में गंदगी मिलने पर संबंधित सफाई कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
निकाय क्षेत्रों की साफ-सफाई के साथ ही सौंदर्यीकरण करने के लिए शासन के निर्देश पर रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. राम मनोहर मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में डीएम ने वार्डों में लगातार गंदगी की शिकायत मिलने की जानकारी देते हुए जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। डीएम ने सभी को शासन की मंशा के अनुसार निकाय क्षेत्रों में बरसात के पूर्व सभी नाली व नालों की सफाई करने के साथ वार्डों के लिए नामित सफाई कर्मी से प्रतिदिन वार्ड की सफाई कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने वार्डों की नियमित सफाई नहीं होने तथा शहरी क्षेत्र में गंदगी मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। बैठक में एडीएम वंदिता श्रीवास्तव समेत सभी एसडीएम व अधिशाषी अधिकारी मौजूद रहे।