मालगाड़ी डिरेल होने से
तीन ट्रेनों के बदले रूट
क्रासर-
सुल्तानपुर वाया प्रतापगढ़ से रवाना की गई अमृतसर-हावड़ा, हिमगिरी एक्सप्रेस व वाराणसी पैसेंजर
ट्रेनों के विलंब होने से परेशान रहे यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जौनपुर जनपद के हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के डिरेल होने से अमृतसर हावड़ा, हिमगिरी व वाराणसी पैसेंजर का रूट डायवर्जन कर दिया गया। अमृतसर हावड़ा व सुल्तानपुर वाराणसी को करीब एक घंटे विलंब से सुल्तानपुर वाया प्रतापगढ़ से वाराणसी के लिए रवाना किया गया। ट्रेनों के विलंब होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार की दोपहर उतरेटिया-जफराबाद रेल पथ पर जौनपुर जनपद के हरपालगंज स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के दो पहिए अचानक डिरेल हो गए। मेन ट्रैक पर पहिए डिरेल होने की सूचना कंट्रोल रूम में प्रसारित की गई। सूचना के प्रसारित होने के बाद स्थानीय रेलवे स्टेशन से अधिकारियों का एक दल हरपालगंज स्टेशन के लिए रवाना हुआ। मालगाड़ी के मेन ट्रैक पर डिरेल होने से सुल्तानपुर स्टेशन से जौनपुर होकर वाराणसी को जाने वाली तीनों ट्रेनों का रूट अचानक परिवर्तित किया गया। अमृतसर-हावड़ा डाउन एक्सप्रेस को करीब एक घंटे तक रेलवे स्टेशन पर रोका गया। एक घंटे बाद अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस को सुल्तानपुर से प्रतापगढ़ वाया वाराणसी के लिए रवाना किया गया। सुल्तानपुर वाराणसी पैसेंजर को भी स्टेशन से करीब एक घंटे विलंब से प्रतापगढ़ के रास्ते वाराणसी जाने के लिए रवाना किया गया। इसके अलावा हिमगिरी डाउन एक्सप्रेस को भी सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ वाया वाराणसी के लिए प्रस्थान कराया गया। ट्रेनों के विलंब होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शिवेंद्र शुक्ला ने बताया कि हरपालगंज स्टेशन के पास मालगाड़ी के डिरेल होने की वजह से ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है।