बंद कराए चार अमान्य विद्यालय
क्रासर
अवैध स्कूलों के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिले के अवैध विद्यालयों पर कार्रवाई की शुरुआत सोमवार से हो गई है। दूबेपुर एवं भदैंया के दो-दो स्कूलों को बंद करा वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का नामांकन बगल के परिषदीय विद्यालयों में कराया गया है।
दूबेपुर विकासखंड क्षेत्र के जेपी मेमोरियल पब्लिक स्कूल पूरे अड़ारू में खंड शिक्षाधिकारी एसबी सिंह ने छापा मारकर विद्यालय बंद कराया। यहां वर्ष 2011 से बगैर मान्यता के विद्यालय संचालित हो रहा था। यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्राथमिक विद्यालय अड़ारू में नामांकित कराया गया। इसी विकासखंड क्षेत्र के दिखौली स्थित बुद्घिस्ट पब्लिक स्कूल के प्रबंधक ने कार्रवाई के डर से खुद ही विद्यालय में ताला डाल दिया। दूसरी ओर भदैंया विकासखंड क्षेत्र के असवा में संचालित मकतब सरस्वती विद्या मंदिर एवं गोल्डेन फ्यूचर पब्लिक स्कूल को खंड शिक्षाधिकारी संजय यादव ने बंद कराया। अवैध रूप से चल रहे दोनों विद्यालयों में लगभग 250 बच्चे अध्ययनरत हैं। बीईओ ने विद्यालय प्रबंधकों पर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर कोतवाली देहात में दी है।