भू-माफिया के कब्जे में रही 37 हेक्टेयर जमीन
शासन के निर्देश के बाद चिह्नित हुई भूमि
खाली कराने की कार्रवाई शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिले में बड़े पैमाने पर भूमाफिया की ओर से सरकारी व गैर सरकारी जमीन के कब्जे का मामला प्रकाश में आया है। शासन के निर्देश पर कराई जांच में अभी 37.031 हेक्टेयर जमीन ही भूमाफिया के कब्जे में पाई गई है। प्रशासन ने रिपोर्ट शासन को भेजते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
शासन के निर्देश पर जिले में चलाए गए एंटी भूमाफिया अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर जमीनों पर अवैध कब्जा पाया गया है। जांच में भूमाफिया का 37.031 हेक्टेयर सरकारी व गैर सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा पाया गया है। सरकार के आदेश के बाद सभी तहसीलों से फौरी तौर पर कराई गई जांच में इन जमीनों पर अवैध कब्जा मिला है। सूत्रों की मानें तो जिले में अभी और अधिक जमीनों पर भूमाफिया व दबंगों का कब्जा है। तहसीलों ने कुछ रिपोर्टों को अभी छुपा लिया है। ग्रामसभावार जांच कराने के बाद ही इसका सही पता चलने की उम्मीद है। तहसीलों से मिली रिपोर्ट को प्रशासन ने शासन को भेज दिया है। अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने कुछ जमीनों से अवैध कब्जा खाली कराने का दावा किया है।
10.037 हेक्टेयर भूमि से कब्जा हटवाने का दावा
प्रशासन की मानें तो एंटी भूमाफिया अभियान के दौरान जिले में चिह्नित 37.031 हेक्टेयर जमीनों में 10.037 हेक्टेयर भूमि से अवैध कब्जा हटवा दिया गया है। अन्य जमीनों से अवैध कब्जा जल्द हटवाने का दावा प्रशासन कर रहा है।
तहसीलों को दिया गया निर्देश
मुख्य राजस्व अधिकारी राजकेश्वर ने बताया कि चिह्नित भूमि से अवैध कब्जा हटवाने का निर्देश तहसीलों को दिया गया है। अवैैध कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।