सुल्तानपुर। जिले में रविवार को यूपीपीसीएस की परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए थे। इनमें नौ हजार परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज की 15 बसें लगाई गई थीं। परीक्षार्थियों के नहीं आने से बसों को यात्रियों के साथ अन्य रूटों पर भेजना पड़ा। परीक्षार्थी अपने वाहनों से गंतव्य को रवाना हुए।
रविवार को यूपीपीसीएस की परीक्षा में कई परीक्षार्थी लखनऊ से आवागमन करने वाले थे। सुल्तानपुर डिपो में शनिवार रात से लखनऊ के लिए बसें लगा दी गई थीं। परीक्षा का कोई असर परिवहन निगम की बसों पर नहीं दिखाई दिया। रविवार सुबह से एआरएम, केंद्र प्रभारी समेत अन्य चालक परिचालक बसों के पास खड़े रहकर परीक्षार्थियों का इंतजार करते रहे।
सुबह पाली की परीक्षा पूरी होने के बाद रोडवेज में करीब पांच हजार परीक्षार्थियों के बसों से सफर करने की उम्मीद थी, लेकिन कई परीक्षार्थी निजी वाहनों से ही गंतव्य को रवाना हो गए। इस वजह से रोडवेज परिसर में परीक्षार्थियों की भीड़ नहीं दिखी। उनके इंतजार में रोकी गई बसों को यात्रियों को लेकर रवाना की गई।
इनसेट-
आय की उम्मीद में दिन भर दौड़-भाग करते रहे अधिकारी
सुबह छह बजे से केंद्र प्रभारी के साथ डिपो में मौजूद रहा। जिला प्रशासन से मिले इनपुट के अनुसार करीब पांच हजार परीक्षार्थियों के लिए बसों की व्यवस्था की गई थी। परीक्षार्थियों के नहीं पहुंचने से बसों को यात्रियों के साथ रवाना किया गया। उम्मीद के अनुरूप राजस्व नहीं मिल सका।
- विनोद शुक्ल, एआरएम, सुल्तानपुर।
परीक्षा केंद्रों के बगल में खड़े किए वाहन
लंभुआ। तहसील मुख्यालय पर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज व चौकिया स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में रविवार को अभ्यर्थियों ने यूपीपीसीएस परीक्षा में हिस्सा लिया। दोनों परीक्षा केंद्रों पर रविवार भोर से परीक्षार्थी पहुंच गए। कड़ाके की ठंड को देखते हुए अधिकतर अभ्यर्थी अभिभावकों के साथ निजी वाहन से परीक्षा केंद्रों पहुंचे। केंद्रों के ठीक बगल स्थल में ही अभिभावकों के वाहन खड़े थे। परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थी अपने वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए।