लंभुआ के बेदूपारा गांव के पास माइनर उफनाने से जलमग्न फसल। स्रोत-सोशल मीडिया
लंभुआ। चांदा रजबाहा से जुड़ी पटखौली माइनर मंगलवार भोर में बेदूपारा गांव के पास ओवरफ्लो होने से छह किसानों की 15 बीघा फसल जलमग्न हो गई। फसल बर्बाद होने से किसानों में भारी आक्रोश है। किसानों ने मुआवजे की मांग की है।
नहर और माइनर की सिल्ट सफाई सही ढंग से नहीं कराए जाने से सिंचाई विभाग की लापरवाही उजागर हो रही है। प्रभावित किसान राजेश पाठक ने बताया कि माइनर का पानी बेदूपारा गांव के आगे नहीं जाता है। पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में बहने लगता है। चिंतामणि पाठक कहते हैं कि माइनर की जलनिकासी नहीं होने के कारण फसलें डूबकर नष्ट हो रही हैं। हृदय नारायण पाठक ने बताया कि गेहूं सहित अन्य रबी की फसलें इस समय खेतों में खड़ी थीं, जो पानी भरने से खराब होने की कगार पर हैं।
किसानों ने माइनर की स्थायी जलनिकासी एवं उचित प्रबंधन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। सिंचाई खंड लंभुआ के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही गेट बंद कराकर पानी के बहाव को रोक दिया गया है। इस बारे में उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।