रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रखी पानी की बोतलें। स्रोत-रेलवे
सुल्तानपुर। ट्रेनों में अवैध पानी की बोतलों की बिक्री की जानकारी पर रविवार को बेगमपुरा अप एक्सप्रेस में रेलवे की स्थानीय वाणिज्य टीम ने जांच की। चेेकिंग में 144 अवैध पानी की बोतलें स्लीपर कोच के गेट के पास रखी मिलीं। पानी की बोतलें लेकर लोग टीम देखकर भाग निकले। वाणिज्य टीम ने बोतलों को जब्त कर लिया है।
अवैध ढंग से चलने वाले वेंडर नकली पानी की बिक्री करके फर्जी ब्रांड के नाम पर मनमाना पैसा कमा रहे हैं। इसका खुलासा रविवार को हुआ। वाराणसी से जम्मूतवी को जाने वाली बेगमपुरा अप एक्सप्रेस में दोपहर बाद करीब पौने चार सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची। लखनऊ रेल मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक केके यादव के निर्देश पर स्थानीय टीम ने ट्रेन के कोच में छापा मारा। स्थानीय वाणिज्य टीम ने स्लीपर कोच की जांच की। इस दौरान कुल 12 पेटी (144 बोतल) गैर अनुमोदित पानी टीम को मिला। पानी की बोतलों पर किसी भी व्यक्ति के स्वामित्व की पुष्टि नहीं हो सकी है। लखनऊ रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि प्रमुख ट्रेनों में आगे भी इस तरह का चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके सैंपल की जांच कराई जाएगी।