सुल्तानपुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सैकड़ों शिक्षकों व कर्मचारियों ने सोमवार को मशाल जुलूस निकाला। तिकोनिया पार्क में एकत्र हुए कर्मियों ने छह से 12 फरवरी तक हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया।
शहर के तिकोनिया पार्क से शुरू हुआ मशाल जुलूस जुलूस पोस्ट ऑफिस चौराहा, शाहगंज चौराहा, चौक घंटाघर, जिला अस्पताल चौराहा, कोतवाली, बस स्टेशन होते हुए पुन: पार्क पहुंच खत्म हुआ। प्रांतीय पर्यवेक्षक डीएस वर्मा व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र की अगुवाई में निकले जुलूस में कर्मचारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए। पुरानी पेंशन की मांग पूरी नहीं होने पर छह से 12 फरवरी हड़ताल करने का निर्णय लिया गया। प्राथमिक शीिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय ने कहा कि अब शिक्षक कर्मचारी आर-पार की लड़ाई के लिए निकल पड़े हैं।
अब कोई भी दमनात्मक कार्यवाही हमारे संघर्ष को और भी मजबूत बनाएगी। प्रवक्ता निजाम खान ने छह से 12 फरवरी को हड़ताल के दौरान जनपद के समस्त प्रतिष्ठानों को शत-प्रतिशत बंद करते हुए सरकार के खिलाफ असहयोग आंदोलन किए जाने का निश्चय दोहराया। मशाल जुलूस में पेंशन बहाली मंच के सह संयोजक अनिल यादव, संरक्षक डॉ. एचबी सिंह, जलकल विभाग के अध्यक्ष सर्वदेव शुक्ला, सिंचाई विभाग के मंत्री मुन्ना, इंजीनियर मुदस्सर हुसैन, कर्मचारी संघ परिषद के मंतपरी उदयभान यादव, मंच के सचिव नरेंद्र पांडेय समेत सैकड़ों शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी मौजूद रहे।