हादसों में बालक समेत चार की मौत, चार घायल
सुल्तानपुर/अमेठी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में युवक समेत चार लोगों की मौत हो गई। दो चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने एक युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
अमेठी जिले में बाजार शुकुल क्षेत्र के शुकलन का पुरवा निवासी गिरधारी रैदास अपनी पत्नी राजकुमारी व 11 वर्षीय पुत्र हिमांशु के साथ बाइक से रविवार को भाई की ससुराल रहमतगढ़ एक कार्यक्रम में जा रहे थे। पूरे रग्घूपुरवा चौराहे पर तेज रफ्तार एक टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दिया। दुर्घटना में हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई। गिरधारी व राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने दंपती को सीएचसी पहुंचाया। टेंपो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट पहना था।
गोसाईंगंज क्षेत्र में कोहड़ा गांव के पास शनिवार रात बारात से घर वापस लौट रहे बाइक सवार राकेश तिवारी (40) व नन्हेलाल विश्वकर्मा (38) निवासी पारा हथिगो, फैजाबाद को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। दुर्घटना में राकेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। नन्हेलाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। शहर में रोडवेज बस अड्डा के पास रविवार सुबह एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। करीब 30 वर्षीय युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हुई।
उधर अमेठी के पीपरपुर क्षेत्र में परसोइयां गांव निवासी राम आसरे (50) के भाई श्रीराम की बेटी की शनिवार को शादी थी। देर शाम सामान खरीदने के लिए राम आसरे परिवार के ही पप्पू के साथ बाजार गए थे, जहां तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारकर राम आसरे और दूसरी बाइक पर सवार विशाल (20) को गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राम आसरे को मृत घोषित कर दिया। विशाल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।