गैर प्रांत से पहुंच रही अवैध शराब की खेप
सप्ताह भर में बरामद हुई साढ़े 41 लाख रुपये की शराब
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिला इन दिनों एक बार फिर अवैध शराब की मंडी बन गया है। तस्करी के जरिये गैर प्रांत की अवैध शराब की खेप जिले में पहुंच रही है। बड़ी मात्रा में शराब की खेप पहुंचने से आबकारी विभाग व पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। अवैध शराब पहुंचने से सरकार को प्रत्येक माह लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है। सस्ती दर की शराब खरीदकर कारोबारी मुनाफा कमाने में लगे हैं। इस कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने से अवैध शराब का गोरखधंधा फल-फूल रहा है। सप्ताह भर के दौरान ही मोतिगरपुर व करौंदीकलां क्षेत्र में तस्करी करके लाई गई करीब साढ़े 41 लाख रुपये की शराब बरामद हो चुकी है।
------
केस-1
मोतिगरपुर थाने के ग्राम खोड़हा मौजा भैरोपुर में एक मकान पर आबकारी विभाग की टीम ने 31 अगस्त 2017 को छापा मारकर साढ़े छह लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की थी। बरामद शराब मध्य प्रदेश से तस्करी करके लाई गई थी। कारोबार में शामिल दो आरोपियों संतोष कनौजिया व मुकेश रजक को गिरफ्तार किया गया था। दो अन्य आरोपी भाग निकले थे।
------
केस-2
करौंदीकलां थाने के पाकड़पुर गांव में तीन अगस्त 2017 को पुलिस ने छापा मारकर ट्रक पर लदी 35 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की थी। बरामद शराब हिमाचल प्रदेश से तस्करी करके लाई गई थी। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक गामा सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि इस कारोबार में शामिल रहे छह आरोपी भाग निकले थे।
------
केस-3
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बराैंसा चौराहे पर पुलिस ने 23 फरवरी 2017 को हिमाचल प्रदेश से ट्रक से तस्करी कर लाई जा रही 35 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की। मामले में ट्रक ड्राइवर साहिर और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त शीतला प्रसाद उर्फ रिंकू कनौजिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
------
केस-4
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के भरखरे गांव स्थित साधन सहकारी समिति के जर्जर भवन में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से चल रहा था। 4 अगस्त 2013 को पुलिस ने छापा मारकर 185 पेटी अवैध शराब बरामद की थी।
------
केस-5
मोतिगरपुर थाने के कालीगंज बाजार स्थित एक मकान पर 18 फरवरी 2014 को छापा मारकर आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब बरामद की थी। आबकारी टीम ने यहां से 30 पेटी अवैध शराब बरामद कर धंधे में संलिप्त एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बरामद शराब की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई थी।
------
इनसेट:
अवैध शराब का संगठित गिरोह : डीइओ
जिला आबकारी अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों का संगठित गिरोह है। गिरोह में शामिल लोग गैर प्रांत की शराब तस्करी करके जिले में ला रहे हैं। अवैध शराब के कारोबारियों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि यूपी में बनी शराब की कीमत अन्य प्रांतों की शराब से ज्यादा होती है। अधिक मुनाफा कमाने के लिए लोग दूसरे प्रदेश की अवैध शराब मंगाते हैं।