रेल ट्रैक के पास मिला असम के युवक का शव
क्रासर
जेब में मिले आई कार्ड से पुलिस ने शुरू की तफ्तीश
जगन्नाथपुर गांव के पास मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
लंभुआ (सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के पास रेल ट्रैक के किनारे मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। युवक की जेब से बरामद परिचय पत्र से उसके असम राज्य का निवासी होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग के किनारे स्थित जगन्नाथपुर गांव के पास मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सरपत के बीच मौजूद शव से दुर्गंध आ रही थी। घटना की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के कपड़ों की तलाशी ली। तलाशी में मृत युवक की जेब से असम राज्य के बोगाईगांव जिले के जोगिघोपा थाना अंतर्गत बरपरा निवासी नारंजन सिद्धा का परिचय पत्र मिला है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त पुलिस ने बरामद परिचय पत्र के आधार पर शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के मुताबिक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हुई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मदनलाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।