तीन जोड़ी ट्रेनें 18 को रहेंगी निरस्त
दूसरे ट्रैक से गुजरेंगी तीन एक्सप्रेस ट्रेनें
रेलवे गेट दुरुस्त करने के लिए विभाग का निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर रायबरेली व सुरियावां के पास गेट संख्या-59 व 162 को दुरुस्त करने के लिए विभाग ने सोमवार को तीन जोड़ी ट्रेनों को निरस्त करने व तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। ट्रेनों के निरस्त होने व उनके रूट परिवर्तित होने से यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर गंगागंज व हरचंदपुर रेलवे स्टेशनों के मध्य स्थित गेट संख्या 162 व सुरियावां-गौरा रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित गेट संख्या 59 को दुरुस्त करने के लिए डीआरएम ने सोमवार को ब्लॉक देने का आदेश जारी किया है। ब्लॉक आदेश जारी होने के बाद व समय से कार्य पूरा करने के लिए रेल महकमे ने 18 जून सोमवार को रायबरेली से जौनपुर के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अप व डाउन, वाराणसी-लखनऊ के बीच चलने वाली बीपीएल पैसेंजर अप व डाउन तथा प्रतापगढ़ से लखनऊ के बीच चलने वाली शटल पैसेंजर अप व डाउन का संचालन निरस्त करने का आदेश जारी किया है। हावड़ा से अमृतसर के बीच चलने वाली पंजाब मेल अप व डाउन तथा आनंद बिहार से मालदा टाउन के बीच चलने वाली मरुधर एक्सप्रेस का संचालन वाया सुल्तानपुर करने का निर्णय लिया है। वाराणसी से देहरादून के बीच चलने वाली जनता एक्सप्रेस भी सोमवार को 50 मिनट विलंब से वाराणसी से चलेगी। रेल प्रशासन के इस निर्णय से सोमवार को आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वालों के साथ दैनिक यात्रियों को सफर पूरा करने के लिए सुल्तानपुर या लखनऊ तक अपने निजी या किराए के वाहन से जाना पड़ेगा। स्टेशन मास्टर पंकज सिंह ने डीआरएम कार्यालय का आदेश प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार से सभी ट्रेन अपने नियत समय पर स्थानीय स्टेशन से गुजरेंगी।