शासन की तमाम सख्ती और हिदायतों का जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों पर असर नहीं दिख रहा है। अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी को लेकर संजीदा नहीं हैं। इसकी पोल शनिवार को एक बार फिर खुल गई।
डीएम के आदेश पर हुए औचक निरीक्षण में उप मुख्य चिकित्साधिकारी, एक्सईएन नलकूप, आश्रम पद्धति आवासीय बालिका इंटर कॉलेज की अधीक्षक और वार्डन सहित 135 अधिकारी/कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने शनिवार को जिले के करीब सभी विभागों का औचक निरीक्षण करवाया। निरीक्षण में लगाए गए जिला स्तरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी शनिवार सुबह दी गई। अधिकारियों के साथ डीएम सुबह से निरीक्षण पर निकले।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय असैदापुर व टिकरिया, आश्रम पद्धति आवासीय बालिका विद्यालय, सीएचसी अमेठी, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अमेठी, पीएचसी ताला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर कर्मियों की लापरवाही पकड़ी गई।
डीएम के निरीक्षण में एक चिकित्साधिकारी के साथ आवासीय बालिका विद्यालय की अधीक्षका व वार्डन सहित सात कर्मचारी नदारद मिले। विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता घटिया पाई गई। अन्य व्यवस्था भी ठीक नहीं मिली। सीडीओ ओम प्रकाश के निरीक्षण में एक चिकित्साधिकारी व बीईओ गौरीगंज सहित आठ कर्मचारी नदारद मिले।
एडीएम एसएन यादव के निरीक्षण में डिप्टी सीएमओ डॉ. मुकुंदलाल व एक्सईएन नलकूप सहित 12 अधिकारी, कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मुसाफिरखाना के निरीक्षण में एक चिकित्सक सहित 22 कर्मचारी नदारद मिले।
एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार तिलोई के औचक निरीक्षण में प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी व चिकित्साधिकारी सहित 25 अधिकारी, कर्मचारी नदारद मिले। एसडीएम व तहसीलदार अमेठी के औचक निरीक्षण में कई चिकित्सक सहित 50 अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।