अमेठी सीएचसी में जल्द शुरू होगा डिजिटल एक्स-रे
अमेठी। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही मरीजों को डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। मरीजों को अब डिजिटल एक्स-रे बाजारों में महंगे दामों पर नहीं कराना पड़ेगा। सीएचसी में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने का कार्य शुरू हो गया है।
शासन के निर्देश पर मरीजों को अस्पताल में बेहतर सुविधा दिलाने के लिए सीएचसी में आधुनिक मशीनें लगाई जा रही हैं। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद सीएचसी में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाए जाने की कवायद शुरू हो गई है। अभी तक पुरानी तकनीक के माध्यम से ही मरीजों का एक्स-रे होता था, जो सही रिपोर्ट नहीं दे पाता था। ऐसे में मरीजों को बाजार में महंगे दामों पर डिजिटल एक्स-रे कराने को मजबूर होना पड़ता था। डिजिटल एक्स-रे के लिए मरीजों को बाजार में चार से छह सौ रुपये देना पड़ता था।
सीएचसी में जल्द ही मरीजों को डिजिटल एक्स-रे सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके सिंह ने बताया कि जल्द ही मरीजों को डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मिलने लगेगी। डिजिटल एक्स-रे से साफ और स्पष्ट रिपोर्ट मिलेगी।