तकनीकी खराबी के चलते
13 राजकीय नलकूप ठप
क्रासर
भेटुआ ब्लॉक में पानी के अभाव में सूख रही फसलें
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो संख्या-36
परतोष/अमेठी। विकास खंड क्षेत्र भेटुआ में तकनीकी व अन्य खराबी के चलते दर्जन भर से अधिक राजकीय नलकूप ठप पड़े हैं। राजकीय नलकूप बंद होने से सैकड़ों बीघा धान की फसल सूख रही है। स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों से की, लेकिन समस्या जस की तस बनी है।
क्षेत्र में किसानों की समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। बारिश नहीं होने से धान की फसल नलकूपों के भरोसे है। क्षेत्र में एक ओर जहां विद्युत आपूर्ति की किल्लत है वहीं दर्जन भर से अधिक राजकीय नलकूप तकनीकी व अन्य खराबियों के चलते ठप पड़े हैं। क्षेत्र के गांव टिकरी स्थित राजकीय नलकूप संख्या 50, 87, 73 एजी, घटकौर स्थित 249, 155, 253 एजी, पिंडोरिया स्थित 23 एजी, संडीला स्थित 52 एजी, हीरापुर स्थित 12 एजी लो-वोल्टेज के चलते बंद पड़े हैं। टिकरी गांव स्थित राजकीय नलकूप संख्या 74 एजी तथा मई गांव स्थित राजकीय नलकूप 96, 223, 242 एजी तकनीकी खराबी के चलते ठप पड़े हैं। राजकीय नलकूपों के बंद होने से सैकड़ों बीघा धान की फसल सिंचाई के अभाव में सूख रही है। क्षेत्र के किसान निर्भय मिश्र, अशोक कुमार, रमेश शर्मा, राहुल मिश्र, बृजेश, फूलचंद चौहान, आनंद कुमार ने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों से कई बार मामले की शिकायत की गई। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों ने समस्या के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई। वहीं दूसरी ओर एक्सईएन जयप्रकाश ने बताया कि जेई को मौके पर भेजा गया था। कुछ नलकूप लो-वोल्टेज के चलते बंद पड़े हैं। वहीं कुछ में तकनीकी खराबी है। मरम्मत कराकर नलकूपों को संचालित कराया जाएगा।