पंचायत उपचुनाव में 63 प्रतिशत वोटिंग
मतपेटियों में बंद हुए 10 प्रत्याशियों के भाग्य
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। अलग-अलग चार पदों (ग्राम प्रधान व बीडीसी के एक-एक व ग्राम पंचायत सदस्य के दो) के लिए जिले में शनिवार को हुए पंचायत उपचुनाव में 10 प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों में बंद हो गए। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चले मतदान में 63.47 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान में होने वाली किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए बड़ी संख्या में फोर्स बूथों पर मौजूद रही। अधिकारी भी इस बूथ से उस बूथ दौड़ते रहे।
राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर शनिवार को गौरीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत अन्नीबैजल में ग्राम प्रधान, बाजार शुकुल ब्लॉक के वार्ड संख्या 59 (मकदूमपुर कलां व बदलगढ़) में क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा सिंहपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत जगतपुर के वार्ड संख्या पांच व 11 में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए वोट डाले गए। ग्राम प्रधान व बीडीसी चुनाव में तीन-तीन बूथ तो ग्राम पंचायत सदस्य के दो पदों के लिए एक-एक बूथ बनाए गए थे। उपचुनाव में अन्नीबैजल में ताल ठोंक रहे तीन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 2,411 मतदाताओं को करना था जबकि बीडीसी के वार्ड संख्या 59 में तीन प्रत्याशियों के भाग्य पर 1,475 मतदाताओं को मुहर लगानी थी। इसी तरह ग्राम पंचायत जगतपुर में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए हो रहे चुनाव में वार्ड संख्या पांच में 89 व वार्ड संख्या 11 मेें कुल 79 मतदाता पंजीकृत थे। हालांकि उपचुनाव में मतदान समाप्त होने तक 63.47 मतदाताओं ने ही मताधिकार का प्रयोग किया।
ये रहे मैदान में
गौरीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत अन्नीबैजल में ग्राम प्रधान के लिए हो रहे उपचुनाव में रागिनी, पूनम सिंह व संतोष सिंह, बाजार शुकुल के वार्ड संख्या 59 में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मो. मुस्तफा, रघुनाथ व सिराज अहमद ने अपना भाग्य आजमाया। सिंहपुर ब्लॉक के जगतपुर में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या पांच में प्रहलाद व राजू तथा वार्ड संख्या-11 में छेदाना और दीनानाथ प्रत्याशी रहे।