जिला अस्पताल के सामने होमगार्ड को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
क्रासर
सड़क के बीच खड़ी बाइक को हटाने की बात पर भड़के युवक
होमगार्ड की तहरीर पर एक नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
फोटो संख्या-30,31
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। यातायात पुलिस के साथ जिला अस्पताल के पास ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड की तीन युवकों ने सरेराह पिटाई कर दी। होमगार्ड की वर्दी फाड़ने के बाद भी युवकों का मन नहीं भरा तो उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। होमगार्ड जान बचाने के लिए कोतवाली में घुस गया। होमगार्ड ने बीच सड़क पर खड़ी बाइक हटाने की बात कही थी। जिस पर युवकों ने उस पर हमला किया। पुलिस ने पीड़ित होमगार्ड की तहरीर पर एक नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली नगर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित जिला अस्पताल के मुख्य गेट के पास यातायात पुलिस के साथ ही होमगार्ड नागेंद्र दुबे (36) पुत्र गया प्रसाद निवासी घासीपुर कोतवाली देहात की ड्यूटी लगी थी। जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज को कुछ लोग एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाने के लिए बाहर निकले थे। तभी मरीज के घर के एक युवक ने बाइक को अस्पताल के सामने लगे भीषण जाम में बीचो-बीच खड़ी कर दिया। होमगार्ड नागेंद्र दुबे ने युवक से बाइक हटाने को कहा। इस पर युवक नाराज हो गया। युवक ने दो अन्य युवकों के साथ होमगार्ड की पिटाई कर दी। इससे भी युवकों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसकी वर्दी फाड़ डाली और उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। होमगार्ड भागकर कोतवाली में घुस गया। तब जाकर उसकी जान बची। इस बाबत टीएसआई अजय प्रताप यादव ने बताया कि पीड़ित होमगार्ड की तहरीर पर कोतवाली में एक नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। आरोपियों की पहचान की गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।