तीन चिकित्सकों के
खिलाफ होगी कार्रवाई
क्रासर
सीएमओ ने शासन को भेजा डीओ
प्रमुख सचिव से की गैर जनपद ट्रांसफर की सिफारिश
तैनाती स्थल पर नियमित ड्यूटी नहीं करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। मुख्य चिकित्साधिकारी ने जिले के तीन चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए शासन को डीओ भेजा है। सीएमओ ने इन चिकित्सकों के गैर जनपद स्थानांतरण की सिफारिश भी की है। चिकित्सकों पर नियमित ड्यूटी नहीं करने का आरोप है।
जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेंटुआ में तैनात चिकित्सक डॉ. राम प्रसाद, भादर में तैनात एलके मिश्र व तिलोई में कार्यरत दयालशरण दुबे को अस्पताल में निवास में आनाकानी तथा नियमित ड्यूटी नहीं करना भारी पड़ गया। निर्देश के बावजूद इन चिकित्सकों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं आने से नाराज सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने डीएम योगेश कुमार के माध्यम से कार्रवाई की संस्तुति करते हुए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य व शासन को डीओ भेजा है। पत्र में तीनों चिकित्सकों पर काफी दिनों से अस्पताल में निवास नहीं करने तथा नियमित ड्यूटी नहीं करने का आरोप है। सीएमओ ने कहा है कि निर्देश के बावजूद इनकी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने शासन से चिकित्सकों को गैर जनपद स्थानांतरित करने की भी सिफारिश की है। सीएमओ ने बताया कि उनकी ओर से नियमित अस्पतालों का निरीक्षण किया जा रहा है। ड्यूटी के प्रति लापरवाह चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।