सुल्तानपुर। उप संभागीय परिवहन विभाग के सत्यापन में 125 स्कूली वाहनों का फिटनेस नहीं मिला है। विभाग की ओर से वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कराते हुए फिटनेस कराने के निर्देश दिए हैं। समय पर फिटनेस नहीं कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
परिवहन विभाग की ओर से स्कूली बसों के फिटनेस की जांच कराई जा रही है। जांच में अनफिट मिले 44 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया है। साथ ही 89 स्कूली बसों की जांच में फिटनेस व अन्य जरूरी कागजात सही कराए गए हैं। सत्यापन में 125 स्कूली वाहनों को फिटनेस नहीं मिलने पर स्वामियों को नोटिस जारी कर दिया गया है। सड़कों पर चलने वाली स्कूल बसों की फिटनेस जांच नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बताया जा रहा है कि जिले में करीब 1400 से अधिक स्कूली वाहन संचालित हैं। विभाग ने स्कूल प्रबंधकों को बसों की फिटनेस सुनिश्चित करने के लिए अंतिम चेतावनी दी है। फिटनेस की प्रक्रिया पूरी नहीं कराने पर वाहन पंजीकरण निरस्त किया जा सकता है। एआरटीओ अलका शुक्ला ने बताया कि सभी स्कूल के प्रबंधकों को फोन के माध्यम से फिटनेस कराने के लिए चेतावनी दी जा रही है लेकिन कुछ स्कूल के संचालक लापरवाही बरत रहे हैं।