मासूम से दरिंदगी का आरोपी गिरफ्तार
अमेठी। आठ दिन पूर्व मासूम से दरिंदगी करने के आरोपी युवक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मासूम बच्ची से आरोपी की पहचान कराने के बाद कार्रवाई की।
मुसाफिरखाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बालिका नौ जुलाई की शाम सड़क किनारे स्थित दुकान पर सामान खरीदने गई थी। रास्ते में मिले एक युवक ने उसे बहलाकर साइकिल पर बैठा लिया और बाग में ले जाकर दरिंदगी की। खून से लथपथ बच्ची घर पहुंची तो घटना की जानकारी परिवारीजनों को हुई। गंभीर हालत में बच्ची को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया। बच्ची के नाना की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दुराचार और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
एसपी कुंतल किशोर के निर्देश पर सीओ मुसाफिरखाना सूक्ष्म प्रकाश व कोतवाल पारसनाथ सिंह ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस बीच गनेश निवासी हरदोइया पुलिस ने हिरासत में लिया और पीड़िता से उसकी पहचान कराई। आरोपी को देखते ही बच्ची रोने लगी और उसने पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस ने गनेश को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाले पुलिसकर्मियों को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।