सड़क पार कर रहे युवक की जीप से कुचलकर मौत
अमेठी। सड़क हादसों में रविवार को एक युवक की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने चार को प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पहली घटना कमरौली थाना क्षेत्र के जाफरगंज बाजार की है। रविवार सुबह सड़क पार कर रहे ननकऊ रावत (38) पुत्र रामदीन निवासी पूरे नितई थाना हैदरगढ़, बाराबंकी को तेज रफ्तार जीप ने रौंद दिया। हादसे में ननकऊ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक जीप मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जीप को कब्जे में ले लिया है। पुलिस की मानें तो पल्लेदारी करने वाला ननकऊ जाफरगंज बाजार में काम करने आया था। तभी हादसे का शिकार हो गया। दूसरी घटना मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र की है। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह घने कोहरे के कारण कादूनाला के पास एक मारुति वैन की ट्रक से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में वैन में सवार रामकली (50), घनश्याम (24), गीता (55), आरती (30), प्रतिभा (30), ममता (35), सुरेश कुमार (42), चालक राजू (42) व एक बालक घायल हो गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रामकली, घनश्याम, गीता व आरती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।