परिषदीय स्कूलों में बने
प्रसाधनों की होगी जांच
क्रासर
बीएसए ने गठित की विकास व राजस्व की संयुक्त टीम
गड़बड़ी मिलने पर नपेंगे प्रधानाध्यापक
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। शैक्षिक सत्र 2016-17 में जिले के दो परिषदीय विद्यालय में निर्मित अतिरिक्त कक्ष व 147 विद्यालय में निर्मित प्रसाधन के गुणवत्ता की जांच होगी। निर्माण प्रभारी की रिपोर्ट मिलने के बाद बीएएस ने राजस्व व विकास की संयुक्त टीम गठित कर सात दिन में स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया है।
जिले के दो प्राथमिक विद्यालय में निर्मित अतिरिक्त कक्ष व 147 प्राथमिक विद्यालय में निर्मित प्रसाधनों के गुणवत्ता की अब स्थलीय जांच होगी। निर्माण प्रभारियों की कार्य पूर्ण करने की रिपोर्ट मिलने के बाद शुक्रवार को बीएसए राजकुमार पंडित ने डीएम से क्षेत्रीय लेखपाल व खंड विकास अधिकारी की संयुक्त टीम गठित करवाते हुए सात दिन में स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित प्रारूप पर रिपोर्ट देने को कहा है। बीएसए ने डेडलाइन में निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त नहीं होने पर टीम के खिलाफ डीएम को पत्र लिखने तथा निर्माण की गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई के साथ रिकवरी का अल्टीमेटम दिया है।