सुल्तानपुर। बाल विकास विभाग के 12 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण करीब 1.31 करोड़ रुपये की लागत से करवाया जा रहा है। मनरेगा, राज्य वित्त व बाल विकास विभाग की संयुक्त धनराशि से काम शुरू कराया गया है। विकास विभाग ने ग्राम पंचायतों को जून तक काम पूरा करने का निर्देश दिया है।
शासन की ओर से बीते वित्तीय वर्ष में स्वीकृत 12 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शुरू हो गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों को अपने भवन में संचालित करने के लिए शासन की ओर से भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत शासन ने दो लाख रुपये प्रति केंद्र की दर से 24 लाख रुपये आवंटित किए थे।
विकास विभाग की संस्तुति पर संबंधित ग्राम पंचायतों को धनराशि जारी करते हुए भवन निर्माण का काम मनरेगा से कराने का निर्देश दिया गया था। मनरेगा से करीब आठ लाख रुपमे प्रति केंद्र की दर से भवन निर्माण कार्य पर खर्च करने की अनुमति ग्राम पंचायतों को दी गई है।
विभाग के मुताबिक मनरेगा के आठ लाख रुपये से भवन निर्माण, बाल विकास विभाग के दो लाख रुपये से फिनिशिंग कार्य व पंचायतराज के वित्त आयोग की धनराशि से शौचालय व पेयजल व्यवस्था के लिए काम कराए जा रहे हैं। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि जून तक ग्राम पंचायतों को काम पूरा करने का निर्देश विकास विभाग की ओर से दिया गया है।
इन ग्राम पंचायतों में बन रहे केंद्र
बाल विकास विभाग की ओर से दूबेपुर के महानपुर, धनपतगंज के फतेपुर, भदैंया केे मुरारपुर, मोतिगरपुर के मलिकपुर बखरा, लंभुआ के खुदौली में केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। अखंडनगर के पिपरीपट्टी, दोस्तपुर के डीहभिखारी, पीपीकमैचा के इंदौली, बल्दीराय के कुवांसी बड़ाडाड़, कुड़वार के अजियाउरदेई, जयसिंहपुर के सुरौली व कादीपुर के अमरेथू डड़िया में केंद्र का निर्माण कार्य चल रहा है।