अंग्रेजी शराब की दुकान से लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर। पखवारे भर पूर्व मोतिगरपुर क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान से हुई लूट का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। मामले में एक आरोपी को पुलिस ने तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं।
मोतिगरपुर के कंद्रवारे के पास अंग्रेजी शराब की दुकान है। 19 नवंबर 2018 की देर शाम दो बाइकों से चार युवक दुकान पर पहुंचे और सेल्समैन अनिल सिंह को असलहा सटाकर 12 हजार रुपये नकद और आठ हजार रुपये कीमत की शराब लूटकर भाग गए थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। रविवार रात मुखबिर की सूचना पर अखंडनगर थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव व स्वाट टीम ने क्षेत्र के बजरंग तिराहे पर घेराबंदी की। तभी दो बाइकों से चार युवक उधर से गुजरे।
पुलिस के रोकने पर एक बाइक सवार दो युवक पीछे मुड़कर भाग गए, जबकि दूसरी अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक पर बैठा एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी में युवक के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। उसकी बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान विकास तिवारी निवासी चैबहा थाना सरपतहा जिला जौनपुर के रूप में हुई है।
विकास ने पूछताछ में बताया कि 19 नवंबर को उसने अपने साथी वीर तिवारी, छोटू उर्फ मनीष तिवारी निवासी चैबहा थाना सरपतहा जौनपुर व शरद सिंह के साथ मोतिगरपुर में अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन से लूट की थी। एसपी ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।