400 किलोमीटर सड़क गड्ढामुक्त करने से पीडब्ल्यूडी ने खड़े किए हाथ
क्रासर
धनराशि नहीं होने से जताई दिक्कत
300 किलोमीटर पर चल रहा कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। शासन के निर्देश पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान में पीडब्ल्यूडी ने 400 किलोमीटर सड़कों को दुरुस्त करने से हाथ खड़े कर लिया है। इसके पीछे चिह्नित सड़कों के सापेक्ष बजट का अभाव बताया जा रहा है। बजट नहीं होने से लोक निर्माण विभाग कार्य करने में असमर्थता जता रहा है। धनराशि के सापेक्ष 300 किलोमीटर सड़कों पर लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य कराए जाने का दावा किया जा रहा है।
शासन ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 15 जून तक का समय दिया था। निर्देश देने के साथ शासन की ओर से चिह्नित सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था नहीं की गई। धनराशि के अभाव में लोक निर्माण विभाग ने चिह्नित 400 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने से हाथ खड़ा कर लिया है। विभाग की ओर से शासन के निर्देश पर करीब 700 किलोमीटर सड़क चिह्नित की गई थी। हालांकि निर्माण कराने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 400 किलोमीटर सड़कों का टेंडर करवाया था। बजट के अभाव में विभाग सिर्फ 300 किलोमीटर सड़कों पर ही कार्य करवा रहा है। टेंडर हुई 100 किलोमीटर सड़कों के साथ बिना टेंडर वाली 300 किलोमीटर सड़कों पर कार्य अभी नहीं शुरू हो सका है। इन सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विभाग बजट का अभाव बता रहा है।
इनसेट
15 जुलाई तक बढ़ा समय
अधिशाषी अभियंता संजय कुमार ने बताया कि धनराशि के अभाव में चार सौ किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य नहीं शुरू किया गया है। हालांकि शासन ने गड्ढामुक्त करने के लिए समय सीमा बढ़ाते हुए 15 जुलाई कर दिया है। धनराशि की मांग की गई है। धनराशि मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।