बाइकों की टक्कर में मासूम समेत दो की मौत
अमेठी। नौडाड़ गांव के पास बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने एक युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के उत्तरगांव निवासी विजय कुमार जायसवाल का बेटा अहम (7) मोहनगंज थाना क्षेत्र के शंकरगंज स्थित एसजेएस पब्लिक स्कूल में पढ़ता था।
बुधवार सुबह अहम को बाइक पर बैठाकर उसके चाचा विकास और सत्यम स्कूल छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में नौडाड़ गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से विकास की बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में एक बाइक पर सवार अहम, विकास और सत्यम घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार शमीम खां (28) पुत्र मोहम्मद शफीक निवासी गडेरी और रमाकांत सिंह (35) निवासी छतौना थाना मोहनगंज गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने सभी को जगदीशपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अहम और शमीम खां को मृत घोषित कर दिया। सत्यम को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था।