बदमाशों का खौफ, कर्मचारी नहीं गए बैंक
अमेठी। कैश लूटने की कोशिश में इलाहाबाद बैंक के सहायक प्रबंधक व कार चालक को सोमवार को दिनदहाड़े दुस्साहसिक तरीके से गोली मारकर घायल करने वाले बदमाशों का पुलिस दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा सकी। इस घटना से भयभीत बैंक कर्मी मंगलवार को ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इससे ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने मंगलवार को जिले की सीमा पर वाहनों की सघन चेकिंग की लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
इलाहाबाद बैंक की ज्ञानीपुर शाखा के मैनेजर अंकित रावत, सहायक प्रबंधक राघवेंद्र माथुर, कैशियर अजय सिंह और कार चालक रामपाल यादव पर सोमवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर 20 लाख रुपये लूटने की कोशिश की थी। हमले में कार चालक और सहायक शाखा प्रबंधक राघवेंद्र घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से बैंक कर्मियों में दहशत है।
इसके चलते मंगलवार को कर्मचारी बैंक नहीं गए। मात्र चपरासी स्वामीनाथ ही बैंक पहुंचा। बैंक कर्मियों के नहीं आने से ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा। कर्मियों के मुताबिक शाखा में निजी सुरक्षा गार्ड नहीं है। कैश वैन की व्यवस्था भी नहीं है। बैंक कर्मी ही मुख्य शाखा सुल्तानपुर से कैश लाने और ले जाने का कार्य करते हैं। उधर एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।