अंग्रेजी भाषा में दक्ष होंगे
सात विद्यालयों के बच्चे
क्रासर
विद्यालयों में शुरू हुआ उन्नति प्रशिक्षण कार्यक्रम
जांच को गठित हुई पांच सदस्यीय टीम
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। शासन ने राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी में गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने तथा बोल-चाल में भी इस भाषा को विकसित करने की योजना बनाई है। कवायद सफल हो सके इसके लिए अपर राज्य परियोजना निदेशक ने सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी को पत्र भेजकर तीन माह का विशेष प्रशिक्षण आयोजित करवाने का निर्देश दिया है। शासन का निर्देश प्राप्त होने के बाद सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आशुतोष मिश्र ने उन्नति प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में जीजीआईसी अमेठी, गौरीगंज, शाहगढ़, सोनारीकलां तथा जायस व जीआईसी टीकरमाफी और राजा फत्तेपुर के लिए मास्टर ट्रेनरों का चयन करते हुए प्रधानाचार्यो को पत्र जारी कर उन्नति कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए विद्यालय में आवश्यक संसाधन मुहैया करवाने तथा प्रतिदिन प्रशिक्षण की रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। एएओ ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन की जांच परियोजना की ओर से नामित टीम के साथ ही जिला स्तर पर गठित पांच सदस्यीय टीम करेगी। यह टीम उन्नति प्रशिक्षण कार्यक्रम की अनवरत जांच करेगी। जांच के दौरान कार्यक्रम में लापरवाही मिलने पर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य व मास्टर ट्रेनर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
अलग से चलेंगी कक्षाएं
एएओ ने बताया कि चिह्नित विद्यालयों में कार्यक्रम के तहत कक्षा नौ की समय सारिणी में प्रशिक्षण के लिए 45 मिनट की अलग क्लास का निर्धारण किया जाएगा। समय सारिणी बनाते हुए इस बात का विशेष ध्यान रखने का आदेश प्रधानाचार्यों को दिया गया है कि कक्षाओं का पाठ्यक्रम बाधित न हो।
इनसेट
इनको मिलेगी जिम्मेदारी
एएओ ने बताया कि उन्नति कार्यक्रम के तहत जीजीआईसी अमेठी में शिवम् त्रिपाठी, जीआईसी राजाफत्तेपुर में आदित्य कुमार पांडेय, जीजीआईसी गौरीगंज में शुभम् त्रिपाठी, जीजीआईसी शाहगढ़ में लवलेश कुमार पांडेय, जीजीआईसी सोनारीकलां में विनीता पांडेय, जीआईसी टीकरमाफी में अजीत कुमार मिश्र तथा जीजीआईसी जायस में अनीता पांडेय को मास्टर ट्रेनर नामित करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।