गोसाईगंज के भोएं गांव में बैठे ग्रामीण। -स्रोत-ग्रामीण
गोसाईंगंज। भोएं गांव में सोमवार को टीकाकरण के बाद 10 बकरियों और एक बकरे की मौत हो गई। पशु चिकित्सा टीम ने गांव में 32 बकरियों का टीकाकरण किया था, जिसके कुछ घंटे बाद पशुओं की तबीयत बिगड़ने लगी। रात तक कुल 11 पशुओं ने दम तोड़ दिया, जिससे पशुपालकों में भय बना है।
दूबेपुर ब्लॉक से एक तीन सदस्यीय टीम सोमवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच गांव पहुंची थी। ग्रामीणों ने बीमारियों से बचाव के लिए प्रति पशु 10 रुपये देकर टीके लगवाए थे। टीकाकरण के बाद सोमवार शाम छह से रात 12 बजे के बीच पशुओं की तबीयत अचानक बिगड़ी। ग्रामीणों के अनुसार, ऐसी घटना पहली बार हुई है।
गोसाईंगंज पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच की और मृत पशुओं की तस्वीरें लीं। एसएचओ गोसाईंगंज अखंडदेव मिश्र ने पशुओं की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पॉइजनिंग की आशंका और प्रभावित पशुपालक : मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि 32 बकरियों का टीकाकरण हुआ था। उन्होंने घास खाने से पॉइजनिंग होने की आशंका जताई है।
बताया कि प्रभावित पशुओं को ड्रिप सहित जरूरी उपचार दिया गया था। रेहाना बानो, रुबीना, जमाल नासिर और अकबाल के कुल 11 पशुओं की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।