एमडीएम में अनियमितता पर प्रधानाध्यापक निलंबित
गौरीगंज। मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितता बरतना, स्कूल की नियमित सफाई न करवाना भेटुआ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पूरे बसावन के इंचार्ज प्रधानाध्यापक को भारी पड़ा।
ग्राम पंचायत मई के ग्राम प्रधान की शिकायत व डीसी एमडीएम की जांच रिपोर्ट पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित करते हुए 15 दिन में आरोपों के संबंध में जवाब देने को कहा है।
बीएसए ने पूरे मामले की विस्तृत जांच बीईओ भेटुआ व शाहगढ़ को सौंपते हुए शिक्षक को प्राथमिक विद्यालय अमेयमाफी से संबद्ध कर दिया है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित मध्याह्न भोजन योजना में उपस्थिति से अधिक बच्चे पंजिका में प्रदर्शित कर गड़बड़ी करना व शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक न होना भेटुआ ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल पूरे बसावन के प्रधानाध्यापक को भारी पड़ा।
ग्राम प्रधान मई ने पिछले दिनों बीएसए से लिखित रूप से शिकायत कर पूरे मामले की जांच करवाने की मांग की थी। शिकायत पर बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने डीसी एमडीएम अरुण तिवारी को तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने को कहा।
बीएसए के निर्देश पर चार मई को डीसी एमडीएम ने स्कूल का निरीक्षण किया तो कंपोजिट ग्रांट मिलने के बावजूद किसी भी सामग्री की खरीद न होने, परिसर में गंदगी के साथ शैक्षिक गुणवत्ता खराब मिली।
वहीं प्रतिदिन 10-15 बच्चों के उपस्थित होने के पर भी 50 बच्चे प्रतिदिन एमडीएम रजिस्टर में अंकित कर राशन व कन्वर्जन कॉस्ट के दुरुपयोग व कंपोजिट ग्रांट के बावजूद सामग्री स्कूल में न मिलने पर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताते हुए कार्रवाई की संस्तुति कर दी।
डीसी एमडीएम की रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक गंगाजली को निलंबित करते हुए आरोपों के संबंध में 15 दिन में समुचित जवाब देने का आदेश दिया है।
बीएसए ने पूरे मामले की विस्तृत जांच बीईओ भेटुआ व शाहगढ़ को सौंपते हुए प्रधानाध्यापक को प्राथमिक स्कूल अमेयमाफी से संबद्ध किया है। बीएसए ने संयुक्त टीम की जांच रिपोर्ट मिलने व जवाब से संतुष्ट न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।