सुल्तानपुर। विद्युत वितरण उपकेंद्र भदैंया के दो पावर ट्रांसफार्मरों से हुई तेल चोरी की कीमत वितरण खंड संबंधित फर्म से वसूलेगा। घटना के बाद मध्यांचल की सख्ती के बाद वितरण खंड हरकत में आ गया है। वितरण खंड ने फर्म से वसूली के लिए नोटिस जारी कर दी है।
विद्युत वितरण उपकेंद्र भदैंया के दो ट्रांसफार्मरों से पिछले दिनों हुई तेल चोरी का मामला गरमा गया है। प्रकरण का मध्यांचल वितरण निगम की ओर से संज्ञान लेने के बाद अधिकारी सकते में आ गए हैं। मध्यांचल वितरण निगम के रुख का देखते हुए घटना के संबंध में विद्युत भंडार मंडल के अधीक्षण अभियंता ने जिले के अधीक्षण अभियंता को पत्र जारी कर चोरी के प्रकरण पर कई सवाल उठाए हैं।
सवाल से विभागीय अधिकारियों की भी भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। उच्चाधिकारियों की सख्ती को देखते हुए विद्युत वितरण खंड उपकेंद्र से चोरी हुए तेल की कीमत संबंधित फर्म से वसूली की प्रक्रिया में जुट गया है। विद्युत वितरण मंडल के निर्देश पर अधिशाषी अभियंता प्रथम बालकृष्ण ने परिचालन की कार्यदायी संस्था से तेल की कीमत वसूली के लिए नोटिस जारी कर दी है।
नोटिस में कार्यदायी संस्था के लंबित बीजकों से चार लाख 63 हजार रुपये समायोजित करने का निर्देश एक्सईएन प्रथम ने एसडीओ व अवर अभियंता को दिया है। साथ ही सूचना एमडी, चीफ इंजीनियर व एसई को भेज दी है। साथ ही इसकी विभागीय जांच चल रही है।
माना जा रहा कि विभागीय जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। अधिशाषी अभियंता बालकृष्ण प्रजापति ने इसकी पुष्टि की। बताया कि लंबित बीजकों से राशि के समायोजन का निर्देश दिया गया है।