नगर पालिका जल्द शुरू करेगा वीर अब्दुल हमीद अस्पताल
सुल्तानपुर। शहर में नगर पालिका परिषद की ओर से वीर अब्दुल हमीद चिकित्सालय का संचालन जल्द शुरू होगा। इन दिनों अस्पताल का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। अस्पताल के संचालन को लेकर कुछ चिकित्सक निशुल्क सेवा देने को आगे आए हैं। इसके संचालन से नगर पालिका क्षेत्र की करीब डेढ़ लाख आबादी को जिला अस्पताल के साथ ही इलाज की वैकल्पिक सुविधा मिल सकेगी। नगर पालिका परिषद ने बंद पड़े अस्पताल के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करवा दिया है।
शहर के नगर पालिका परिषद के निकट स्थित करीब चार साल से बंद पड़े वीर अब्दुल हमीद चिकित्सालय का निर्माण सन 1970 में किया गया था। शुरुआती दौर में नगर पालिका क्षेत्र के लोगों को यहां पर उपचार की सुविधा मिलती थी। बाद में यहां के चिकित्सक व फार्मासिस्ट रिटायर हो गए। नई नियुक्ति नहीं हुई। इसलिए कोई अस्पताल की देखरेख करने वाला नहीं रहा। इस वजह से अस्पताल बंद कर दिया गया था। अस्पताल का संचालन बंद होने के बाद यहां की हालत भी खस्ताहाल हो गई। अस्पताल परिसर के भीतर की फर्श, छत, खिड़की, दरवाजे आदि क्षतिग्रस्त हो गए।
इस अस्पताल के संचालन को लेकर कई राजनीतिक व गैर राजनीतिक संगठनों की ओर से संघर्ष भी किया गया। अब इस अस्पताल का संचालन फिर शुरू होगा। अस्पताल के संचालन के लिए नगर पालिका परिषद इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करवा रही है। पालिका के अधिकारियों की मानें तो यहां पर चिकित्सक, फार्मासिस्ट व अन्य नए स्टाफ की भर्ती के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। अस्पताल के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करवा दिया गया है।
पालिका की ओर से अस्पताल के टूट चुके दरवाजों, खिड़कियों, फर्श व छत के प्लास्टर का कार्य शुरू करवा दिया गया है। यह कार्य पूरा होने के बाद यहां मरीजों के बैठने के लिए बेंच व कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। डॉक्टरों का चैंबर अलग रहेेगा। चिकित्सक अपने चैंबर में मरीजों का परीक्षण करेंगे। मरीजों की सुविधा के लिए प्रसाधन की व्यवस्था भी की जाएगी। फिलहाल अस्पताल के संचालन के लिए रोटरी क्लब ने पहल की है। रोटरी क्लब की ओर से यहां चिकित्सकों की व्यवस्था की जाएगी।