पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
कुड़वार (सुल्तानपुर)। नगर पालिका में सफाई कर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर एक बेरोजगार से युवक ने दो लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के अतागंज हसनपुर गांव से जुड़ा है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के अतागंज हसनपुर निवासी विश्राम से गांव के ही आसिफ बेग ने वर्ष 2014 में नगर पालिका सुल्तानपुर में सफाई कर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये लिया था। काफी समय बाद भी जब विश्राम को नौकरी नहीं मिली तो वह गांव के ही रमेश व निर्मला के साथ आसिफ बेग के घर तगादा करने पहुंचा।
विश्राम ने आसिफ बेग से नौकरी दिलाने या फिर उसका रुपया वापस करने की बात कही तो आसिफ ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया। शुक्रवार को पीड़ित विश्राम ने घटना की तहरीर थाने में दी थी। पुलिस ने विश्राम की तहरीर पर आसिफ बेग के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
इस बाबत एसओ नंदकुमार तिवारी ने बताया कि आसिफ बेग वर्ष 2009 में भी कई लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठग चुका है। पूर्व में उसके खिलाफ कोतवाली नगर में गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई थी। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।