अलहदादपुर के डंपिग स्थल का निरीक्षण करते उप निदेशक नगरीय निदेशालय।
सुल्तानपुर। शहर के पास अलहदादपुर में स्थापित नगर पालिका के कूड़ा निस्तारण इकाई पर शुक्रवार को करीब 10 हजार टन कूड़ा डंप मिला। तौल के लिए लगा धर्मकांटा भी बंद मिला। नगरीय निदेशालय के उप निदेशक अजय कुमार त्रिपाठी ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान डंपिंग स्थल पर निस्तारण की अवधि पूरी होने के बाद भी हजारों टन कूड़ा डंप व कूड़ा जगह-जगह दबा मिला। उन्होंने लापरवाही पर कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाई और जांच के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सीएंडडीएस कार्यदायी संस्था से आख्या मांगी है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सौरभ मिश्र व अन्य लोग मौजूद रहे।