महमूदपुर निषाद बस्ती में शनिवार की दोपहर चूल्हे की चिंगारी से लगी आग से 10 मकान जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से दो बाइक और 67 हजार रुपये नगद भी जल गए।
ग्रामीणों की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राजस्व कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
गोसाईगंज थानाक्षेत्र के महमूदपुर निषाद बस्ती में शनिवार की दोपहर गुड्डू के घर चूल्हे से उठी चिंगारी से छप्पर में आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। आग ने गांव निवासी पन्ना लाल, कल्लू, गोविंद, सुंदर, लहूरी, रानी, रमापति, महेश और राकेश के मकान को भी चपेट में ले लिया।
अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से पन्नालाल और कल्लू की बाइक जल गई। पन्ना लाल के घर में रखे 50 हजार रुपये नगद और रानी के 17 हजार रुपये जल गए। पीड़ितों के मुताबिक आग से करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
आग की सूचना के बाद राजस्व निरीक्षक चंद्रदेव सिंह, हलका लेखपाल अरुण सिंह गांव पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।