सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के निपराज गांव में पिछले दिनों मारपीट में घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मूल रूप से घोरावल थाना क्षेत्र के सोतिल निवासी मनोज (35) ओबरा के एक पावर प्लांट में वेल्डिंग का कार्य करता था। सदर कोतवाली के निपराज गांव में उसकी रिश्तेदारी थी। वहां अक्सर उसका आना जाना लगा रहता था। गत छह अक्तूबर को वह अपनी रिश्तेदारी में गया था। वहां देर रात पार्टी चली। इसके बाद मारपीट हुई, जिसमें मनोज को गंभीर चोट आई। उसके सिर, पैर में चोट लगी थी। उसे जिला अस्पताल लोढ़ी में भर्ती कराया था, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार के बाद वह घर चला आया था। इस बीच स्थिति बिगड़ने पर उसे 21 अक्तूबर को फिर से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनोज के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। इस बीच बृहस्पतिवार की देर शाम उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एसआई आरएस शर्मा का कहना है कि अवैध संबंधों से जुड़े मामले में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया था। इसके आधार पर पिता और उसके दो बेटों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।