घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के सोतिल गांव में बृहस्पतिवार को पानी भरने के दौरान कुएं में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सोतिल गांव निवासी पताली (23) पुत्र चुल्हई वृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12:00 बजे घर के पास कुएं से पानी भरने के लिए गया था।कुएं से पानी भरते समय किसी तरह उसका पैर फिसल गया, जिससे वह कुएं में गिर पड़ा।करीब 15 मिनट बाद पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसे पानी भरते समय देखा, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसे न देखकर शंका हुई तो उसने हल्ला मचाया।घटना की जानकारी होने पर युवक के परिजन भी रोते बिलखते वहां पहुंचे।उक्त कुआं का तल दलदली था।लिहाजा कटिया में फंसाकर युवक को कुएं से बाहर निकाला गया।जब तक उसे बाहर निकाला जाता उसकी मौत हो गयी थी।पताली को मृत देख परिजनों में मातम छा गया।आपसी सहमति से परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।मृतक के पिता चुल्हई ने बताया कि पताली तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।उसे कभी कभी दौरा भी पड़ता था।