बभनी। तेलजर सेंदूर गांव में बुधवार की रात ट्रैक्टर से दबकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया।
सेंदूर ग्राम पंचायत के तेलजर निवासी मन्नू सिंह(30) पुत्र संपत सिंह बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान से सामान लेकर अपने घर आ रहा था कि नदी से बालू लेकर आ रहा ट्रैक्टर पीछे से धक्का मारते हुए निकल गया। घटना की जानकारी होने पर लोग मौके पर पहुंचे तब तक परिजन भी पहुंच गए। आसपास के लोगों और परिजनों ने तत्काल निजी साधन से घायल मन्नू सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया। उधर, मृतक की पत्नी और मां जय कुंवर का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। सब इंस्पेक्टर रामायण प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के छोटे भाई प्रकाश ने दी है। ट्रैक्टर और चालक को पकड़ लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बाइक के धक्के से बालक घायल
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के सतद्वारी गांव में बृहस्पतिवार को एक बालक बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। सतद्वारी निवासी आदित्य (5) पुत्र वकील को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि आदित्य प्राथमिक विद्यालय सतद्वारी में कक्षा एक का छात्र है। वह दोपहर करीब बारह बजे स्कूल की तरफ जा रहा था। स्कूल गेट के करीब तेज गति से जा रहे बाइक सवार ने उसे धक्का मार दिया, जिससे वह घायल हो गया।