घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के भगाही गांव में बृहस्पतिवार को देर रात तीन युवकों द्वारा की गई मारपीट में वृद्ध दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दंपति का घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया और पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार भगाही निवासी चंद्रमा ओझा ने शुक्रवार को कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की रात साढ़े दस बजे के लगभग भरकना गांव निवासी अजय और सोनहटी गांव निवासी विजय और मुन्ना उनके घर के द्वार सड़क पर खड़े थे। तीनों आपस में गाली गलौज और विवाद कर रहे थे। सामाजिक दृष्टिकोण से घर के द्वार पर रात के वक्त अपशब्दों का इस्तेमाल दंपति चंद्रमा ओझा और रानी देवी को उचित नहीं लगा। उन्होंने द्वार पर विवाद कर रहे अजय विजय और मुन्ना को वहां से हटने के लिए कहा। जिस पर उन तीनों ने दंपत्ति को मारा पीटा और गाली गलौज किया। पुलिस ने घायल चंद्रमा ओझा और रानी देवी का मेडिकल परीक्षण और उपचार घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करवाया। इस संबंध में शुक्रवार को चंद्रमा ओझा की तहरीर पर आरोपी अजय, विजय तथा मुन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में विजय को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।