रायपुर थानाक्षेत्र के चकयां में एक युवक-युवती की गुरुवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव शुक्रवार सुबह नाले में मिले। मौके से पिस्टल भी बरामद हुई। पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। घटना के कारण का पता नहीं चल सका।
शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे चकयां के ग्रामीणों ने युवक और युवती का खून से लथपथ शव नाले के पास देखा। शवों की शिनाख्त पंकज केशरी (20) निवासी वैनी और सुनीता पटेल (22) पुत्री लालवर्ती पटेल निवासी चकयां के रूप मेें हुई। थानाध्यक्ष रमाशंकर यादव ने बताया कि युवक की कनपटी और युवती के सिर में गोली लगी है। मौके से 32 बोर का पिस्टल मिला, जिसमें एक कारतूस फंसा था। दो कारतूस भी मिले। कुछ ही देर में मृतकों के घरवाले भी पहुंच गए।
पुलिस अधीक्ष्ाक रामलाल वर्मा, एएसपी शंभू शरण यादव और सीओ भी पहुंचे और घरवालों से पूछताछ की। एसपी ने सीओ सच्चिदानंद और थानाध्यक्ष को जल्द घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया। फोरेंसिक लैब की टीम ने घटनास्थल के आसपास फिंगर प्रिंट भी लिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों के सुपुर्द कर दिया।