सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रविवार की रात लोढ़ी में बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपनी शादी का कार्ड बांटकर घर लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के कूरां खुर्द गांव निवासी जितेंद्र (25) पुत्र कमला की शादी सदर ब्लाक के कसयां गांव में तय थी। इसी माह की 26 तारीख को शादी होनी थी। शादी की तैयारियों में जुटा जितेंद्र रिश्तेदारों को कार्ड बांटने निकला था। रविवार को निमंत्रण कार्ड देने चोपन थाना क्षेत्र के रजधन गांव गया था। वहां से लौटते समय रविवार की रात वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर लोढ़ी में सर्किट हाउस मोड़ के पास चोपन की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जितेंद्र चार बहनों के बीच अकेला भाई। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।