बभनी क्षेत्र के मृतक- गोलू ( फाइल फोटो) स्रोत परिजन
- फोटो : 1
बभनी। थानाक्षेत्र के चपकी गांव से गुजरात कमाने गए युवक की वहां बाजार में खरीदारी के लिए जाने के दौरान ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। रविवार को हुए हादसे की सूचना पर गुजरात गए परिवार वाले वहां पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार की देर शाम शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। घटना पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों ने एंबुलेंस घेरने के साथ ही उसे आधे घंटे तक रोके रखा। इस दौरान नोकझोंक, हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। एंबुलेंस लेकर आए लोगों ने परिवार के लोगों की ठेकेदार से वार्ता कराई और उसने हरसंभव मदद का भरोसा दिया। तब जाकर लोग शांत हुए। चपकी गांव निवासी गोलू (24) तीन महीने पहले एक ठेकेदार के जरिये गुजरात के भोज में काम करने के लिए गया था। रविवार को उसने ठेकेदार से अपने खर्च के लिए रुपये लिए और जरूरत के सामान की खरीदारी के लिए भोज स्थित बाजार चला गया। दोपहर बाद एक बजे के करीब वह वहां सड़क पार कर रहा था। उसी समय वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर उसकी मौत हो गई। उसके साथियों ने ठेकेदार को और ठेकेदार ने परिवार के लोगों की इसकी जानकारी दी। परिवार वालों के पहुंचने के बाद सोमवार को वहां शव का पोस्टमार्टम हुआ। परिजन मंगलवार की शाम शव लेकर बभनी क्षेत्र के चपकी पहुंचे। शव घर पहुंचा तो परिवार के लोग रो पड़े। मां चंपा देवी और पत्नी सुनीता बेसुध होकर गिर पड़ीं। देर तक परिवार वाले उन्हें ढाढ़स बंधाते रहे। गोलू दो भाइयों में छोटा था। तीन साल पूर्व उसकी शादी हुई थी। एक वर्ष पूर्व बेटा पैदा हुआ था। साधारण परिवार से होने के कारण जब वह गुजरात कमाने गया था तब परिवार वालों को उससे ढेर सारी उम्मीदें थीं लेकिन जैसे ही उन्हें गत रविवार को हादसे में मौत की खबर मिली, उन पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम के सिर से पिता का साया तो छिना ही, पत्नी-बच्चे के पालन-पोषण की चिंता भी परिजनों, नात-रिश्तेदारों को सताती रही। देर रात युवक का अंतिम संस्कार किया गया। बभनी थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज के मुताबिक इस बारे में परिवार के लोगों ने कोई तहरीर या जानकारी नहीं दी है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।