सोनभद्र। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ जिले में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग मौसम केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के आधार पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 13 से 16 अगस्त तक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं 13 और 14 अगस्त को मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। जिला प्रशासन के अनुसार 13-14 अगस्त को भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना अधिक है। 15-16 अगस्त को भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, मौसमी नदी-नालों और जलस्रोतों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। कच्चे और जर्जर मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ बिजली आपूर्ति और सड़क यातायात प्रभावित होने की भी आशंका है। डीएम चर्चित गौड़ ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है। नदी, नाले, रपटे या पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने की स्थिति में उसे पार नहीं करने को कहा गया है। जलभराव वाले रास्तों पर वाहन नहीं उतारने और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।