विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडीह में रविवार की शाम ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। शव के पास ही उसका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हाल में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि फोन पर गाना सुनने के दौरान वह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया।
सलैयाडीह गांव में बियार टोला के पास से ही रेलवे लाइन गुजरी है। ग्रामीणों के मुताबिक बियार टोला निवासी विक्रांता (22) पुत्र जगदीश बियार रविवार की देर शाम रेलवे लाइन के किनारे बैठकर वह मोबाइल पर गाना सुन रहा था। इसी दौरान गढ़वा से चोपन की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आ गई। वह उसकी चपेट में आ गया।
आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम बिहारी ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। विक्रांता की शादी अभी नहीं हुई थी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।