कोन थाना अंतर्गत चांचीकला चौकी क्षेत्र में सोमवार को शादी समारोह के लिए टेंट लगा रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। टेंट का पाइप ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार को छू गया, जिससे पूरे पाइप में करंट दौड़ गया। घटना से शादी की खुशियों में मातम छा गया।
चांचीकला निवासी कुलदीप प्रजापति (26) गांव के ही एक टेंट डेकोरेशन में काम करता था। सोमवार को वह अपने घर के कुछ ही दूरी पर शादी समारोह में टेंट लगा रहा था। टेंट लगाने के लिए वह पाइप खड़ा कर रहा था। झटके में उसने पाइप सीधा किया, तभी ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार से स्पर्श हो गया। करंट से कुलदीप बुरी तरह झुलस गया।
आनन-फानन लोग उसे कोन सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुलदीप के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।