उत्तराखंड के ऋषिकेश में हुए सड़क हादसे में घायल रॉबर्ट्सगंज निवासी आशीष केसरी की मंगलवार को मौत हो गई। बुधवार देर शाम उसका शव रॉबर्ट्सगंज स्थित घर लाया गया। शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आशीष केसरी (24) अपने दो दोस्तों के साथ केदारनाथ दर्शन करने के लिए गया था।
केदारनाथ दर्शन करने के बाद आशीष अपने एक दोस्त के साथ ऋषिकेश पहुंचा। मंगलवार को किराए पर एक बाइक लेकर मंदिर जा रहा था। श्रीनगर एनएच पर बागवान के पास एक प्राइवेट बस से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार आशीष केसरी और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के कुछ देर बाद ही रुद्रप्रयाग दौरे से देहरादून आते हुए एक कैबिनेट मंत्री ने घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान आशीष केसरी जिंदगी की जंग हार गया। जबकि दोस्त का इलाज चल रहा है। रॉबर्ट्सगंज निवासी आशीष केसरी बेकर्स की दुकान चलाता था।